शेरघाटी से प्रदीप भारद्वाज
शेरघाटी: लोकसभा चुनाव 2024 के प्रथम चरण में शुक्रवार को गया संसदीय क्षेत्र सुरक्षित के अंतर्गत शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। शहर के कुछ मतदान केंद्रों पर 6 बजे से ही मतदाता पहुंच गए। मतदान दल कर्मियों द्वारा जैसे ही वोटिंग शुरू की गई। एक एक कर मतदाता शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करने लगे।
लोकतंत्र के महापर्व में आधी आबादी का उत्साह चरम पर था। मतदान केंद्रों पर न सिर्फ उनकी कतार, बल्कि उत्साह भी पुरुषों पर भारी पड़ता नज़र आया। न सिर्फ बेटियां, बल्कि बहुओं ने भी बढ़-चढ़कर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत करने में हिस्सा लिया। घूंघट में छिपा मतदान का उत्साह उनकी स्पष्ट बयां कर रही थी। मतदान करने को शहर से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में आधी आबादी की हनक दिखी।
तेज़ धूप और चिलचिलाती गर्मी के बावजूद शहर के शुमाली मोहल्ला निवासी 103 वर्षीय जमीला खातून भी व्हील चेयर पर सवार होकर अपने नज़दीक के बूथ नंबर 143 पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेकर वोट दिया।
शुरू में मतदान की प्रक्रिया धीमी रही। लेकिन 8 बजे से मतदान की गति तेज हो गई। शेरघाटी शहरी क्षेत्र के नारायण पुस्तकालय मतदान केन्द्र पर दो पंक्ति में मतदाता पंक्तिबद्ध होकर बारी बारी से मताधिकार का प्रयोग करते देखे गए। आधे घण्टे के शुरुआती वोटिंग में 42 वोट पड़ चुके थे। महिला और पुरुष मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई। इसी प्रकार प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल शेरघाटी मतदान केन्द्र पर शुरुआती दौर में मतदान धीमी रही लेकिन 8 बजे से मतदान जोर पकड़ लिया।
सुबह 9 बजे तक कल्याण छात्रावास शेरघाटी मतदान केंद्र संख्या 142 पर 1427 में 112 वोट डाले जा चुके थे। सुबह में अधिकांश मतदान केन्द्र पर महिला मतदाताओं की लाइन लंबी दिखी। 9 बजे तक पूरे विधानसभा क्षेत्र में 9 प्रतिशत वोट पड़े। जबकि 11 बजे तक यह प्रतिशत बढ़कर 27 प्रतिशत हो गया। आमस के मतदान केन्द्र संख्या 12 मध्य विद्यालय तेतरिया में 209 वोट पड़े। पीठासीन अधिकारी ने बताया कि यहां कुल 664 मतदाता हैं।
इसी प्रकार उच्च विद्यालय अमारूत मतदान केन्द्र संख्या 40 में 11 बजे तक 469 वोट डाले जा चुके थे। जबकि अच्छवां मतदान केन्द्र संख्या 234 पर 1 बजे तक 1010 में 412 वोट पड़ चुके थे। इस प्रकार पूरे विधान सभा क्षेत्र में मतदान कहीं तेज तो धीमी चली। शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र में कुल बूथों की संख्या 305 हैं। फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट विमल कुमार ने बताया कि शेरघाटी में 54.73 प्रतिशत मतदान हुए।
समाचार प्रेषण तक किसी भी बूथ पर कोई अप्रिय घटना की ख़बर नहीं है। हालांकि ज़िला प्रशासन द्वारा सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख़्ता इंतजाम किए गए थें।