राजद नेता-सह-जिप प्रतिनिधि श्याम सुंदर पर दर्ज मुकदमा वापसी की मांग पर लड़े किसान
शनिवार को हमीदनगर पुनपुन बराज पर आयोजित बैठक हंगामेदार रहा। जिलाधिकारी अपना पक्ष रख किसानों को मनाने का प्रयास कर रहे थे। वहीं किसान राजद नेता सह जिप प्रतिनिधि श्याम सुंदर पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस लेने की घोषणा के साथ वार्ता शुरू करने की मांग पर अड़ गये। अवर प्रमंडल पुनपुन बराज परियोजना के इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी ने नसीहत दिया कि ऐसी हरकत से बाज आयें अधिकारी। किसान नेताओं को फर्जी मुकदमा में फंसाना समाधान का रास्ता नहीं है। जिलाधिकारी मुकदमा वापस करने का भरोसा दिलाया। किसानों का हंगामा देख जिलाधिकारी अपनी बात खत्म कर वहां से निकल गये।
किसानों को अखिल भारतीय किसान सभा के साथ ही राष्ट्रीय लोक मोर्चा का भी समर्थन मिला। इससे किसान उत्साहित दिखे। किसान आज के सर्किल रेट से चार गुणा अधिक मुआवजा, त्रुटिपूर्ण भुगतान में सुधार, धमकीबाज अधिकारियों पर कार्रवाई समेत अन्य मांग पर अड़े हुए हैं। किसान नेता भाकपा के अंचल सचिव अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव कामरेड सुरेश प्रसाद यादव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि जबतक मांगों पर सरकार विचार नहीं कर लेती, तबतक परियोजना का काम बंद रहेगा।
जिला प्रशासन की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत पुनपुन बराज अवर प्रमंडल के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूर्व पैक्स अध्यक्ष वीरमणि द्विवेदी, पैक्स अध्यक्ष रामपूजन कुमार, पंचायत समिति सदस्य रामराज्य पासवान, भाजपा नेता सत्येंद्र शर्मा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष वशिष्ठ शर्मा, भाकपा नेता महेश्वर यादव समेत अन्य किसानों ने अपनी बात रखी।
श्याम सुंदर व्यक्ति नहीं, किसानों की ताकत : पूर्व विधायक
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक डा. रणविजय कुमार कैंप में पहुंच किसानों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राजद नेता श्याम सुंदर एक व्यक्ति नहीं, इलाके की आवाज है। उसे फर्जी मुकदमा से नहीं डराया जा सकता। वह खेतों की मुआवजा की मांग कर रहा था, तब फर्जी मुकदमें लादे गये। जिला प्रशासन श्याम सुंदर पर दर्ज मुकदमा वापस ले। इलाके में एक नहीं, सैंकड़ों श्याम सुंदर हैं। कितनों पर सरकार मुकदमा दर्ज करेगी?
जिला प्रशासन से सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि 98 करोड़ की परियोजना 650 करोड़ करोड़ की हो गई तो फिर किसानों के जमीन के दाम क्यों नहीं बढ़ाये जा रहे हैं? क्या किसानों को अपनी ही जमीन के दाम के लिए मुकदमें झेलने पड़ेंगे?
कैंप पहुंचे नेताओं को धन्यवाद : श्याम सुंदर
राजद नेता श्याम सुंदर ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि
क्षेत्र से बाहर रहने की वजह से कैंप में नहीं पहुंच सका। बावजूद इसके मेरी अनुपस्थिति में जिस चट्टानी एकता का परिचय किसानों ने दिखाया है, वह काबिलेतारिफ है। मैं किसानों से अपील करता हूं कि उग्र नहीं हों। संयम और शांति का परिचय दें। संवैधानिक बनें। लोकतांत्रिक मूल्यों का ख्याल रखें। आपके सहयोग, समर्थन और आशीर्वाद से आपके हक की लड़ाई हमने ठानी है। लड़ेंगे। जीतेंगे। माननीय सांसद कामरेड राजाराम सिंह से बातचीत चल रही है। जल्द ही आंदोलन का रूपरेखा सार्वजनिक किया जायेगा।
इस सबके बीच, मेरी अपील सुन राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता पूर्व विधायक रणविजय कुमार, अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव कामरेड सुरेश प्रसाद यादव समेत जिन लोगों ने किसान हित की बात मजबूती से उठाया है। इसके लिए धन्यवाद।